Hazaribagh: शहर के बीचोबीच स्थित और लोगों की पसंदीदा पसंदीदा जगह ‘निर्मल महतो पार्क’ का अब पूरी तरह से रूप-रंग बदलने जा रहा है. नगर निगम हजारीबाग ने शहरवासियों को मनोरंजन का एक बेहतरीन और स्वच्छ माहौल देने के लिए इस पार्क के भव्य जीर्णोद्धार की कमान संभाल ली है. दरअसल, पिछले दिनों नगर आयुक्त और उपायुक्त ने जब पार्क का संयुक्त रूप से जायजा लिया, तो इसकी बदहाली सामने आई. इसके तुरंत बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने पार्क की किस्मत बदलने का फैसला लेते हुए उपनगर आयुक्त को एक मुकम्मल कार्ययोजना तैयार करने का आदेश दिया.
अधिकारियों की टीम ने तैयार किया नया ब्लूप्रिंट
इस बड़े प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए उपनगर आयुक्त की अगुवाई में एक विशेष टीम बनाई गई, जिसमें सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता और उद्यान अधीक्षक शामिल थे. इस तकनीकी टीम ने पार्क का दौरा कर जमीनी स्तर पर होने वाले बदलावों का पूरा खाका तैयार कर लिया है. मकसद साफ है निर्मल महतो पार्क को झारखंड के सबसे बेहतरीन और चुनिंदा पार्कों की लिस्ट में शामिल करना.

नए अवतार में दिखेंगे ये मुख्य आकर्षण
इस रेनोवेशन प्रोजेक्ट के तहत पार्क के अंदर कई बड़े और आधुनिक बदलाव देखने को मिलेंगे. लंबे समय से बंद पड़ा म्यूजिकल फाउंटेन एक बार फिर सुरों और रोशनी के साथ धड़कने लगेगा. वहीं बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय ‘डायनासोर मॉडल’ को भी एक नए और सजीव रूप में री-डिजाइन किया जाएगा. बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क के पुराने झूलों और फिसलपट्टियों की मरम्मत की जाएगी और टूटे उपकरणों की जगह नए झूले लगेंगे. इसके अलावा, काफी वक्त से बंद पड़े भोजनालय को भी नए लुक में दोबारा चालू किया जाएगा ताकि लोग खान-पान का लुत्फ उठा सकें. पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार को एक आकर्षक और मॉडर्न लुक दिया जाएगा. सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर की निगरानी के लिए पुराने सीसीटीवी कैमरों को ठीक करने के साथ ही कई नए हाई-डेफिनिशन कैमरे इंस्टॉल किए जाएंगे.
रोज गार्डन और बोटैनिकल बदलाव
पार्क के खाली पड़े हिस्सों में बड़े पैमाने पर नए पौधे लगाए जाएंगे. इसके अलावा यहां के मशहूर ‘गुलाब उद्यान’ को एक नए कलेवर में विकसित किया जाएगा. घास की ट्रिमिंग के लिए नई आधुनिक मशीनें भी मंगवाई जा रही हैं.
डिजिटल लाइटिंग और पावर बैकअप
शाम के वक्त पार्क को खूबसूरत रोशनी से नहलाने के लिए आधुनिक लाइटिंग फिक्सचर्स लगाए जाएंगे. साथ ही बिजली कटने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर को भी पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है.
ओपन एयर थिएटर और सिटिंग अरेंजमेंट
सांस्कृतिक और स्थानीय कार्यक्रमों की जान माने जाने वाले ‘मुक्ताकाश मंच’ का भी पूरी तरह मेकओवर होगा. पार्क में आने वाले बुजुर्गों और पर्यटकों के बैठने के लिए जगह-जगह नई और आरामदायक बेंचें लगाई जाएंगी. वहीं साफ-सफाई के लिए पूरे टॉयलेट ब्लॉक का री-कंस्ट्रक्शन होगा.
एक्सपर्ट कंसलटेंट संवारेंगे पार्क का भविष्य
इस पूरे प्रोजेक्ट को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का बनाने के लिए तकनीकी टीम ने कार्यपालक अभियंता को एक प्रोफेशनल कंसलटेंट बहाल करने का सुझाव दिया है. यह एक्सपर्ट टीम पार्क को और ज्यादा इनोवेटिव, खूबसूरत और सुविधायुक्त बनाने के लिए नई तकनीकों और आधुनिक डिजाइनों पर काम करेगी.
