Giridih : झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ की गिरिडीह जिला शाखा के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को ग्राम पंचायत तेलोडीह के मुखिया सह गिरिडीह प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष शब्बीर आलम के नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष से मुलाकात कर अपनी लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत मनरेगा कर्मियों को ग्रेड-पे का लाभ दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई.
19 साल से सेवा दे रहे मनरेगा कर्मियों ने ग्रेड-पे की मांग तेज की

संघ के जिला सचिव नवीन कुमार और जिला अध्यक्ष महेन्द्र कुमार ने कहा कि झारखंड के मनरेगा कर्मी पिछले 19 वर्षों से ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि मनरेगा कर्मियों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है. उन्होंने कहा कि गांवों में रोजगार सृजन, विकास योजनाओं की निगरानी, मजदूरों के भुगतान और पंचायत स्तर की प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन मनरेगा कर्मी पूरी निष्ठा से करते आ रहे हैं. इसके बावजूद आज तक उन्हें ग्रेड-पे जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित रखा गया है. इस दौरान शब्बीर आलम ने भी मनरेगा कर्मियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं को धरातल पर उतारने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने सरकार से मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की.
हजारों मनरेगा कर्मचारी को मिले ग्रेड-पे का लाभ
प्रतिनिधिमंडल ने झामुमो जिला अध्यक्ष को यह भी अवगत कराया कि विभिन्न मांगों को लेकर मनरेगा कर्मचारी संघ लगातार आंदोलनरत है तथा विभागीय स्तर पर कई दौर की वार्ता हो चुकी है. वार्ता के दौरान क्षेत्रीय मनरेगा कर्मियों को ग्रेड-पे का लाभ देने पर सहमति भी बनी है, लेकिन अंतिम निर्णय और आवश्यक कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश की प्रतीक्षा की जा रही है. संघ ने गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन से मुलाकात कराने का अनुरोध भी किया, ताकि मुख्यमंत्री तक मनरेगा कर्मियों की मांग को मजबूती से पहुंचाया जा सके.
जिला सचिव नवीन कुमार ने कहा,
जिला सचिव नवीन कुमार ने कहा, “हम चाहते हैं कि माननीय विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री जी तक हमारी मांग पहुंचे और राज्य के हजारों मनरेगा कर्मियों को ग्रेड-पे का लाभ मिल सके। यदि ऐसा होता है तो समस्त मनरेगा कर्मी सदैव आभारी रहेंगे”, बैठक के अंत में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने “इंकलाब जिंदाबाद” और “कर्मचारी एकता जिंदाबाद” के नारों के साथ अपनी एकजुटता और संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया.
Also Read : चीन में महसूस किये गये भूकंप के झटके, दो की मौत, 13 इमारत तबाह
