Palamu : मेदिनीनगर में जिला के सभी खुदरा एवं थोक दवा व्यवसायियों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को संपन्न हुई. इस बैठक में आगामी 20 मई 2026 को आहूत राष्ट्रव्यापी केमिस्ट्स बंद की सफल बनाने पर चर्चा की गयी. इस दौरान उपस्थित व्यवसायियों को बंद के मुख्य बिंदुओं से अवगत कराया गया. इस दौरान दवा दुकानदारों ने अपनी अपनी दवा दुकानें बंद रखने का निर्णय लिया. बता देशव्यापाी इस बंद को केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ऑर्गनाइजेशन की ओर से आहूत किया जा रहा है.
बैठक में दवा व्यवसायियों ने कॉरपोरेट समूहों के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया. वक्ताओं ने कहा कि देश के लाखों केमिस्ट्स बंधुओं का पारंपरिक व्यापार बड़े कॉरपोरेट समूहों द्वारा दी जा रही अनैतिक डिस्काउंट प्रक्रिया के कारण पूरी तरह बंद होने के कगार पर पहुंच गया है. दवा विक्रेताओं ने भारत सरकार से विनम्र आग्रह करते हुए देश के भीतर थोक एवं खुदरा दवा व्यवसाय की रक्षा के लिए विभिन्न विसंगतियों को दूर करने और आवश्यक सुधार प्रक्रिया लागू करने की मांग की.

संगठन ने ऑनलाइन फार्मेसी प्रक्रिया के जरिए धड़ल्ले से हो रही दवा बिक्री पर तुरंत रोक लगाने की मांग की. इसके साथ ही युवाओं के भविष्य और जिंदगी को बचाने के लिए नशाखोरी पर अविलंब लगाम लगाने, आम जनता के हित में जीवन रक्षक दवाओं के दाम कम करने और कॉरपोरेट कंपनियों की भारी डिस्काउंट प्रक्रिया को तुरंत बंद करने की न्यायपूर्ण व उचित कार्रवाई की मांग केंद्र सरकार से की गई. इस दौरान केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स ऑर्गनाइजेशन झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, सचिव अमिताभ मिश्रा, रमेश कुमार शुक्ला, कोषाध्यक्ष संजय कुमार, जिला कोषाध्यक्ष हनी सिन्हा और संरक्षक सतीश तिवारी समेत अन्य मौजूद रहे.
ALSO READ : झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: छह दिनों तक आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी
