Ranchi: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मैथन मैरेज हॉल में शादी समारोह के दौरान दुल्हन का गहना, नकदी और मोबाइल से भरा बैग चोरी करने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोना, चांदी और हीरे के आभूषण के साथ 96,800 रुपये नकद बरामद किया गया है. घटना 1 मई 2026 की है, जब फायरिंग रेंज के समीप स्थित मैथन मैरेज हॉल में आयोजित शादी समारोह के दौरान अज्ञात अपराधियों ने दुल्हन का बैग चोरी कर लिया था. बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी थी.

यह भी पढ़ें: अवैध कोयला कारोबार की शिकायत करने पर जमकर बवाल, फायरिंग और तोड़फोड़ में तीन घायल

मोछू गिरफ्तार, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य का लिया सहारा
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला निवासी जैकी सिंह उर्फ मोछू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण और नकदी बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपी जैकी सिंह उर्फ मोछू (39 वर्ष) मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला अंतर्गत बोड़ा थाना क्षेत्र के गुलखेड़ा गांव का निवासी है.
