शुभ विवाह में गुलखेड़ा का शगुन, लिफाफा पकड़ाया, खाना खाया और गहनों से भरा बैग उड़ाया

Ajay dayal रांचीः अगर आपके यहां शादी में कोई अनजान मेहमान सज-धजकर आए, मुस्कुराते हुए शगुन का लिफाफा थमाए और फिर पूरे...

Ajay dayal
रांचीः अगर आपके यहां शादी में कोई अनजान मेहमान सज-धजकर आए, मुस्कुराते हुए शगुन का लिफाफा थमाए और फिर पूरे हक से मटन-पनीर उड़ाने लगे, तो भावुक मत होइएगा. मुमकिन है कि वह आपकी खुशियों में शामिल होने नहीं, बल्कि आपके पुश्तैनी गहनों पर सर्जिकल स्ट्राइक करने आया हो. झारखंड के मैरिज हॉलों में आजकल मध्यप्रदेश के राजगढ़ का मशहूर गुलखेड़ा गैंग अपनी सफाई अभियान चला रहा है. हालांकि, इस बार रांची पुलिस ने इनके इस हाई-प्रोफाइल रायते को फैलने से पहले ही समेट दिया है और एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है.

टिप-टॉप एंट्री और पारिवारिक चोरी का गजब ताना-बाना 

इस गैंग की कार्यशैली किसी कॉर्पोरेट इवेंट मैनेजमेंट से कम नहीं है. अमूमन चोर अंधेरे का फायदा उठाते हैं, लेकिन गुलखेड़ा गैंग चकाचौंध को अपना ढाल बनाता है.गैंग के सदस्य दूल्हे से ज्यादा टिप-टॉप अंदाज में सूट-बूट पहनकर शादी में एंट्री मारते हैं. इनके साथ महिलाएं और मासूम बच्चे भी होते हैं, ताकि कोई शक न करे. मेजबान सोचता है कि लड़की वाले के खास मेहमान हैं, और लड़की वाले सोचते हैं कि लड़के वालों के फूफा-मौसा हैं. ये मुफ्त का खाना नहीं खाते. बकायदा लिफाफे में शगुन के पैसे डालकर दूल्हा-दुल्हन को स्टेज पर देते हैं, ताकि कैमरे में इनकी ईमानदारी दर्ज हो जाए.

खाना उधर पचता है, माल इधर गायब होता है 

लिफाफा सौंपने के बाद गिरोह के कुछ सदस्य बफे काउंटर पर टूट पड़ते हैं. ठीक इसी बीच, गिरोह का मुख्य कलाकार घर के अंदर या वीआईपी रूम में दाखिल होता है. नजरें बचाकर गहनों और नकदी से भरा बैग उड़ाया जाता है और पलक झपकते ही उसे साथ आए बच्चों या महिला को थमा दिया जाता है. जब तक आप रसगुल्ले का स्वाद ले रहे होते हैं, तब तक गुलखेड़ा गैंग नो लॉस, फुल प्रॉफिट के साथ नौ-दो-ग्यारह हो चुका होता है.

रांची पुलिस का रिटर्न गिफ्ट 

इस बार इस गैंग का पाला रांची पुलिस से पड़ गया. लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और इस अंतर्राज्यीय गैंग के रंग में भंग डाल दिया. पुलिस ने इनके पूरे मंसूबों पर ऐसा पानी फेरा कि अब गैंग के सदस्य हवालात में बैठकर जेल मैनुअल का खाना खा रहे हैं.

ALSO READ: रिम्स लैंड स्कैम-सुमित्रा बड़ाइक और राजेश झा को ACB कोर्ट से झटका

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *