रांची के पॉलीटेक्निक मैदान में खड़ी बुलेट में लगी आग, धू-धू कर जली; लगातार दूसरे दिन बाइक में आग से लोगों में दहशत

Ranchi: राजधानी रांची के पॉलीटेक्निक मैदान में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मैदान में खड़ी एक बुलेट बाइक से...

Ranchi: राजधानी रांची के पॉलीटेक्निक मैदान में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मैदान में खड़ी एक बुलेट बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा. कुछ ही देर में बाइक आग की लपटों में घिर गई. आसपास मौजूद लोगों ने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक काफी देर से तेज धूप में खड़ी थी. आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी के कारण फ्यूल टैंक में दबाव बढ़ने या बाइक के वायरिंग सिस्टम में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो. गनीमत रही कि घटना के समय बाइक के आसपास कोई व्यक्ति नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया. तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी. लोअर बाजार थाना की पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

लगातार दूसरे दिन बाइक में आग, बढ़ी चिंता

गौरतलब है कि बुधवार को भी रांची के डोरंडा इलाके में एक मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई थी. 24 घंटे के अंदर शहर में आग लगने की यह दूसरी घटना है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है.

ऑटोमोबाइल विशेषज्ञों का कहना है कि भीषण गर्मी में वाहनों को सीधी धूप में लंबे समय तक खड़ा न करें. फ्यूल टैंक को फुल न भरें और वायरिंग, बैटरी व इंजन की नियमित जांच कराएं. बाइक में कोई भी लोकल एक्सेसरीज या मॉडिफिकेशन कराने से बचें, क्योंकि इससे शॉर्ट सर्किट का खतरा बढ़ जाता है. गाड़ी में छोटा फायर एक्सटिंग्विशर रखना भी फायदेमंद हो सकता है.

ALSO READ: मिट्टी का गुल्लक: बरकत और शुभता का प्रतीक

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत होता है. हालांकि बाइक मालिक से पूछताछ के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *