हजारीबाग में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 10 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट, चौपारण पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त छापेमारी

Hazaribaag: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत भगहर इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. चौपारण थाना और...

Hazaribaag: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत भगहर इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई. चौपारण थाना और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर करीब 8 से 10 हजार लीटर अवैध जावा महुआ तथा शराब बनाने में इस्तेमाल हो रही कई भट्टियों को नष्ट कर दिया. कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

थाना प्रभारी पंकज कुमार की सक्रियता चर्चा में

थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा और पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी. क्षेत्र में उनकी सक्रियता और लगातार हो रही छापेमारी की चर्चा स्थानीय लोगों के बीच भी हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय बाद इतने बड़े स्तर पर कार्रवाई देखने को मिली है.

ग्रामीणों ने उठाए सवाल, बोले  “सिर्फ भट्ठी तोड़ने से नहीं रुकेगा धंधा”

हालांकि ग्रामीणों ने कार्रवाई के साथ-साथ व्यवस्था पर सवाल भी उठाए हैं. लोगों का कहना है कि हर बार छापेमारी के बाद भट्टियां तोड़ दी जाती हैं, लेकिन दूसरे ही दिन फिर से शराब की चुलाई शुरू हो जाती है. ग्रामीणों के अनुसार इसका मुख्य कारण इस अवैध धंधे में शामिल कारोबारियों के खिलाफ ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं होना है. उनका कहना है कि केवल जावा महुआ नष्ट करने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि शराब कारोबार से जुड़े लोगों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई करनी होगी.

Read Also: जमशेदपुर: मंईंया सम्मान सत्यापन के लिए, 42 डिग्री की तपती धूप में घंटों कतार में खड़ी रहीं महिलाएं 

“तस्करों के डर से खुलकर नहीं बोल पाते लोग”

भगहर के ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में सक्रिय शराब तस्करों का भय इतना है कि आम लोग खुलकर विरोध नहीं कर पाते. भोले-भाले ग्रामीण डर और दबाव के कारण प्रशासन को पूरी जानकारी देने से भी बचते हैं. स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पुलिस और उत्पाद विभाग लगातार निगरानी के साथ-साथ कारोबारियों पर कानूनी शिकंजा कसें, तो क्षेत्र में इस अवैध धंधे पर स्थायी रोक लग सकती है.

लगातार अभियान से मिलेगी राहत

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि चौपारण पुलिस और उत्पाद विभाग आगे भी इसी तरह संयुक्त अभियान चलाते रहे, तो क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब निर्माण में शामिल मुख्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *