Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के प्रथम चरण का संशोधित अतिरिक्त परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. आयोग की ओर से जारी नई सूची में पहले प्रकाशित परिणाम में आवश्यक संशोधन किए गए हैं. आयोग के अनुसार, यह बदलाव स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार से प्राप्त निर्देशों और भारत का सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में किया गया है.

दोनों श्रेणियों के लिए जारी किया गया संशोधित परिणाम
सर्वोच्च न्यायालय की त्रि-सदस्यीय पीठ ने सिविल अपील संख्या 8259/2019 में 24 अक्टूबर 2019 को महत्वपूर्ण फैसला सुनाया था, जिसके आधार पर चयन प्रक्रिया में संशोधन किया गया है. संशोधित परिणाम इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) दोनों श्रेणियों के लिए जारी किया गया है. इसमें गणित एवं विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और भाषा विषयों के शिक्षक पदों से संबंधित पूर्व परिणाम में बदलाव शामिल हैं.
नई सूची से कई अभ्यर्थियों की मेरिट और चयन स्थिति हो सकती है प्रभावित
इस नई सूची के जारी होने के बाद कई अभ्यर्थियों की मेरिट और चयन स्थिति प्रभावित हो सकती है. ऐसे में अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम जांचने की सलाह दी गई है. लंबे समय से चर्चा में रही शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में इस संशोधित परिणाम को आगे की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: कैबिनेट की बैठक 27 को, लिए जाएंगे कई अहम फैसले
