Bermo: बेरमो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेरमो प्रखंड की आदिवासी बहुल पंचायत अरमो स्थित सोतानाला में शुक्रवार को लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा स्वीकृत 30 लाख 70 हजार रुपये की लागत से बनने वाले चेकडैम निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया. इस महत्वपूर्ण योजना का शिलान्यास स्थानीय विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं महागठबंधन के नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति में नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण कर किया. यह महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी परियोजना क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगी.

चेकडैम के बनने से जलस्तर में होगा सुधार
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक कुमार जयमंगल ने कहा, कि सुदूरवर्ती और आदिवासी बहुल क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास ही उनकी पहली प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु हमारी प्रतिबद्धता निरंतर जारी है. इस चेकडैम के बनने से जहां जलस्तर में सुधार होगा, वहीं किसानों को खेती-बाड़ी के लिए सालों भर पानी मिल सकेगा, जिससे क्षेत्र में खुशहाली आएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेरमो के हर गांव और टोले तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य है. मौके पर अरमो पंचायत की मुखिया कैथरीना हांसदा, गोविंदपुर सी पंचायत के मुखिया विकास सिंह, पूर्व मुखिया मणिराम मांझी, रिंकू सिंह, छेदी नोनिया, प्रमोद सिंह, मंटू यादव सहित कई गणमान्य लोग एवं भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026’ के तहत आद्रा मंडल में एकल उपयोग प्लास्टिक जागरूकता अभियान
