Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर समाहर्ता बिजय सिंह बीरूआ ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, राजस्व मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ, पेयजल, सड़क तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए. अपर समाहर्ता ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए.

आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध
इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने की बात कही.
जनसुनवाई में शामिल लोगों ने प्रशासनिक पदाधिकारी के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया. मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: ‘विश्व पर्यावरण दिवस अभियान–2026’ के तहत आद्रा मंडल में एकल उपयोग प्लास्टिक जागरूकता अभियान
