Bermo: केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में की गई बेतहाशा मूल्यवृद्धि और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ भाकपा बेरमो अंचल परिषद द्वारा शुक्रवार को बोकारो थर्मल स्थित झारखंड चैक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. पुतला दहन एवं विरोध प्रदर्शन से पूर्व भाकपा कार्यकर्ताओं ने बोकारो थर्मल में एक जुलूस भी निकाला और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आक्रोश व्यक्त किया.

वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला
इस अवसर पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. सभा का संचालन करते हुए अंचल सचिव ब्रजकिशोर सिंह ने कहा, कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश की आम जनता, गरीब और मजदूर वर्ग महंगाई की चक्की में पिसने को मजबूर हैं. पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे हर वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है. स्थानीय शाखा सचिव रामेश्वर साव, जानकी महतो और मुखिया विश्वनाथ महतो ने कहा कि सरकार कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता की जेब पर डाका डाल रही है, जिसे भाकपा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी. वहीं मो. शाहजहां, राजकिशोर प्रसाद सिंह और नवीन पाठक ने चेताया कि अगर सरकार ने बढ़ी हुई कीमतें जल्द वापस नहीं लीं, तो पार्टी सड़क से सदन तक उग्र आंदोलन को बाध्य होगी. इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से भाकपा के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे. बाद में सभी ने झारखंड चैक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया.
यह भी पढ़ें: पिछले तीन-चार दिनों में 20 से ज्यादा बालू घाटों के लीज डीड पर जिलों के DC ने किया साइन
