Hazaribagh : जिला परिवहन कार्यालय के कर्मियों को इन दिनों सांप के साये में काम करना पड़ रहा है. कार्यायल में बार बार सांप निकलने जैसी घटनाएं हो रही है. हालिया घटना शनिवार की है. जहां कंप्यूटर कक्ष के पीछे झाड़ियों में एक विशाल जहरीला सांप रेंगता दिखा. जिससे कर्मचारियों के बीच डर का माहौल है. ऐसी घटनाओं से कार्यालय में काम काज बाधित हो रहा है. कर्मचारियों का कहना है कि यह भवन अब जहरीले सांपों का स्थायी अड्डा बन चुका है. विडंबना यह है कि कार्यालय के मुख्य हिस्से की साफ सफाई तो दिखाई जाती है, लेकिन पीछे के हिस्से को पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दिया गया है. झाड़ियों की ऊंचाई इतनी बढ़ चुकी है कि वहां क्या छिपा है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. इतना ही नहीं, पास में स्थित पुराना बंद पड़ा डीटीओ भवन भी खतरे का दूसरा केंद्र बना हुआ है. अंदर वर्षों पुराने सड़े-गले दस्तावेज और फाइलों का ढेर पड़ा है. जहां कई बार सांप देखे जाने की बात कर्मचारी बता चुके हैं.

कार्यालय के कंप्यूटर सेक्शन में काम करने वाले कर्मियों का कहना है कि अब उनका ध्यान काम से ज्यादा अपनी सुरक्षा पर रहता है. छोटे से कमरे में कई ऑपरेटर दिनभर लाइसेंस, परमिट और वाहन संबंधित काम निपटाते हैं. कमरे में लोहे की आलमारियां, पुराने रिकॉर्ड और फाइलों के बंडल रखे हैं, जिनके पीछे किसी भी वक्त सांप छिपा मिल सकता है. एक कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा अब हालत ऐसी हो गई है कि कोई तार हिल जाएं या कागज सरक जाएं तो दिल धड़क उठता है.
पहले भी निकल चुका है जहरीला नाग
करीब एक महीने पहले भी कंप्यूटर कक्ष के अंदर से एक जहरीला नाग पकड़ा गया था. कर्मचारियों ने किसी तरह उसे काबू कर जंगल में छोड़ा था. उस घटना के बाद उम्मीद थी कि प्रशासन तुरंत स्थायी समाधान करेगा. लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं. अब तो लगभग हर सप्ताह कार्यालय परिसर में सांप दिखने की घटनाएं सामने आ रही हैं. कर्मचारियों का कहना है कि यह सिर्फ डर का मामला नहीं, बल्कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
एक साल पहले हो चुकी है मौत
इस परिसर में खतरा नया नहीं है। कुछ वर्ष पहले इसी समाहरणालय क्षेत्र में सांप के डसने से पदमा पुलिस पिकेट में तैनात एक जवान की मौत हो चुकी है. बताया जाता है कि झाड़ियों में छिपे सांप पर अनजाने में पैर पड़ गया था. जिसके बाद जवान को सांप ने डंस लिया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.
इतनी बड़ी घटना के बावजूद पुराने भवनों और झाड़ियों को हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना, अब प्रशासनिक संवेदनहीनता पर सवाल खड़े कर रहा है.
“सफाई बढ़ाने का निर्देश दिया गया है” : बैधनाथ कामती
इस मामले पर जिला परिवहन अधिकारी बैधनाथ कामती ने कहा कि सांप निकलने की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है. परिसर में साफ-सफाई बढ़ाने और झाड़ियों को हटाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही कर्मचारियों को सतर्क रहने की हिदायत भी दी गई है. हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि केवल सफाई से समस्या खत्म नहीं होगी. जब तक पुराने खंडहर भवनों को हटाकर पूरे परिसर का पुनर्विकास नहीं किया जात., तब तक यहां हर दिन खतरा मंडराता रहेगा.
ALSO REEAD : कोडरमा : अनियंत्रित ट्रक हाइवा से टकराया, चालक घायल
