Saraikela: झारखंड में रेल सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस मुख्यालय गंभीर है. इसी कड़ी में सोमवार को रेल पुलिस के आईजी माइकल राज एस और डीआईजी आलोक प्रियदर्शी ने चांडिल रेल थाने का औचक निरीक्षण किया.

लंबित मामलों की समीक्षा और पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग
निरीक्षण के दौरान आईजी डॉ. माइकल राज एस. और डीआईजी आलोक प्रियदर्शी ने चांडिल रेल थाने के विभिन्न अभिलेखों, मालखाना और हाजत का बारीकी से मुआयना किया. अधिकारियों ने थाने में दर्ज पुराने और लंबित कांडों की फाइलें खंगालीं और उनकी वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने जांच अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जितने भी लंबित मामले हैं, उनका वैज्ञानिक और कानूनी तरीकों से जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके.
अपराध पर अंकुश लगाने के लिए दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
इसके बाद, उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की एक विशेष ब्रीफिंग ली गई. अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेल परिसरों में अपराध पर अंकुश लगाने के संदर्भ में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. वरिष्ठ अधिकारियों ने न केवल काम की समीक्षा की, बल्कि थाने में तैनात पुलिसकर्मियों के कल्याण पर भी ध्यान दिया. उन्होंने जवानों के आवासन (रहने की व्यवस्था), पीने के पानी, और मेस जैसी बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने जवानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और चुनौतियों को सुना तथा उनके जल्द समाधान का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़ें: गंगा दशहरा पर दामोदर और कोनार घाटों पर गूंजे वैदिक मंत्र, हुई भव्य गंगा आरती
