Chaibasa: नगर परिषद की बोर्ड बैठक में वार्ड संख्या-4 के पार्षद राजू प्रसाद कसेरा ने नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव को पत्र सौंपकर वित्तीय पारदर्शिता, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए.
आय-व्यय और अनुदान का मांगा ब्योरा
पार्षद ने नगर परिषद की वार्षिक आय-व्यय, राज्य और केंद्र सरकार से प्राप्त अनुदान राशि तथा विभिन्न मदों में खर्च का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने की मांग की. साथ ही जूनियर इंजीनियरों की संख्या, उनके वेतन भुगतान और नियुक्ति की आवश्यकता पर भी सवाल उठाए.

वेतन और मानदेय भुगतान का मुद्दा
राजू प्रसाद कसेरा ने कहा कि नगर परिषद के संविदा कर्मचारियों को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है, जबकि जनप्रतिनिधियों को तीन माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है. उन्होंने भुगतान में हो रही देरी के कारण और संभावित तिथि की जानकारी मांगी.
सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट पर सवाल
पार्षद ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था, सफाई कर्मियों की संख्या, स्ट्रीट लाइट योजना और बस पड़ाव संचालन से संबंधित वित्तीय जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने बोर्ड बैठक के निर्णयों की प्रतिलिपि नियमित रूप से पार्षदों को उपलब्ध कराने की भी बात कही. पार्षद ने सभी मुद्दों पर नगर परिषद से विस्तृत और लिखित जवाब उपलब्ध कराने का आग्रह किया है.
ALSO READ: तंबाकू नियंत्रण को लेकर प्रशासन सख्त, विशेष छापेमारी दल बनेगा: उपायुक्त
