Lohardaga: लोहरदगा जिले के किस्को मिडिल स्कूल मैदान में आयोजित छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन (इंटक) का महाधिवेशन रविवार को संपन्न हो गया. महाधिवेशन की अभूतपूर्व सफलता पर यूनियन परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया है. यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू एवं अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने अधिवेशन में शामिल होने वाले हजारों मजदूर भाई-बहनों, झारखंड समेत विभिन्न राज्यों से पहुंचे इंटक के वरिष्ठ नेताओं और ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों, क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, पुलिस प्रशासन तथा प्रेस और मीडिया कर्मियों को धन्यवाद दिया.
मजदूर हित की लड़ाई इसी एकता के साथ जारी रहेगी
यूनियन अध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने कहा, कि “रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नागपुरी गीत संगीत के बीच मजदूरों की आवाज बुलंद हुई है. यूनियन सभी के सहयोग के लिए दिल से आभारी है और आगे भी मजदूर हित की लड़ाई इसी एकता के साथ जारी रहेगी. मजदूर एकता, सांस्कृतिक गरिमा और हक की आवाज का यह महासंगम तभी सफल हो सका जब आप सभी ने तन-मन-धन से सहयोग किया. किस्को की धरती पर उमड़ा यह जनसैलाब माइंस मजदूरों की ताकत और एकजुटता का प्रतीक है.” उन्होंने यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन के लिए कृतज्ञता जताई, जिनकी प्रेरणा से किस्को की धरती पर मजदूर एकता का यह महाकुंभ संभव हुआ.
उन्होंने ने कहा कि यूनियन आप सभी के इस स्नेह, समर्थन और सहभागिता के लिए कृतज्ञ है और भविष्य में भी मजदूर हित की लड़ाई में आपके सहयोग की अपेक्षा करती है.


