Latehar: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर आयोजित की जा रही झारखंड T20 लीग (J-T20) के पहले सीजन की नीलामी शनिवार को जमशेदपुर के NH-33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में संपन्न हुई. इस ऐतिहासिक नीलामी में राज्यभर के प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया गया.

बेस प्राइस पर टीम में शामिल हुए प्रभात
लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड के उभरते युवा क्रिकेटर प्रभात कुमार यादव का भी लीग में चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है. प्रभात को उनकी बेस प्राइस पर टीम में शामिल किया गया है. बालूमाथ जैसे छोटे क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तरीय क्रिकेट मंच तक पहुंचना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि मानी जा रही है.
सभी मुकाबले राजधानी रांची स्थित JSCA International Stadium में खेले जाएंगे
गौरतलब है कि इस भव्य टूर्नामेंट के सभी मुकाबले राजधानी रांची स्थित JSCA International Stadium में खेले जाएंगे. वहीं नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में रॉबिन मिंज सामने आए, जिन्हें कोयलांचल सुपर किंग्स ने 15.25 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया.
प्रभात कुमार यादव के चयन पर खेल प्रेमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं. सभी को उम्मीद है कि प्रभात अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल लातेहार बल्कि पूरे बालूमाथ क्षेत्र का नाम राज्यभर में गौरवान्वित करेंगे. जोहार झारखंड परिवार की ओर से प्रभात कुमार यादव को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं.
