Patna: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी अब जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर के समर्थन में चुनाव प्रचार करेगी. इस फैसले के बाद उपचुनाव में नए राजनीतिक समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है.
नामांकन रद्द होने का असर
दरअसल, जनशक्ति जनता दल ने पहले वीना मंडावी को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन नामांकन पत्र में तकनीकी खामियां मिलने के कारण उनका पर्चा खारिज कर दिया गया. इसके बाद पार्टी ने किसी अन्य उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारा और अंततः प्रशांत किशोर का समर्थन करने का फैसला लिया.
30 जुलाई को मतदान
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी. तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ताकत के साथ प्रशांत किशोर के पक्ष में काम करेगी.
Also Read: रांची: रियल स्टेट के CEO की हत्या के आरोपी को नहीं मिली जमानत
BJP का मजबूत गढ़
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ रही है. यह सीट भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई है. वर्ष 1995 से लगातार इस सीट पर भाजपा जीत दर्ज करती आई है. नितिन नवीन पांच बार यहां से विधायक रहे, जबकि उनसे पहले उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा लगातार चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. ऐसे में इस बार का उपचुनाव भी राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है.
