झारखंड में उद्योग और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार, कारीगरों के हुनर को अब मिलेगा बाजार : हेमंत सोरेन

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज उद्योग विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए राज्य में औद्योगिक विकास को...

Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज उद्योग विभाग की योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि उद्योगों के विस्तार से राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि झारखंड की औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएं.

यह भी पढ़ें: गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर मांगी गई रंगदारी, व्यवसायी मिहिर घोष का परिवार दहशत में, 50 लाख नहीं देने पर खोपड़ी खोलने की धमकी

नवाचार और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद करें तैयार

बैठक में झारक्राफ्ट की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने नवाचार और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि झारक्राफ्ट के उत्पादों को आधुनिक स्वरूप दिया जाए, युवाओं को इससे जोड़ा जाए तथा पर्यटन स्थलों पर इनके प्रदर्शन और बिक्री की व्यवस्था की जाए. मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की समृद्ध कला और संस्कृति से जुड़े उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए. मुख्यमंत्री ने पारंपरिक शिल्पकारों—लौह-कर्म, काष्ठ-कर्म और कुम्भकारी जैसे कार्यों से जुड़े कारीगरों—को सशक्त बनाने पर विशेष बल दिया. उन्होंने कहा कि ये परंपरागत व्यवसाय झारखंड की सांस्कृतिक पहचान है और इन्हें आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन तथा बाजार से जोड़कर नई पहचान दिलाई जानी चाहिए. इसके लिए प्रशिक्षण, क्षमता विकास, ब्रांडिंग और विपणन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

यह भी पढ़ें: जेटेट में स्थानीय और जनजातीय भाषाओं को प्राथमिकता दें सरकार: शिल्पी नेहा तिर्की

कारीगरों और शिल्पकारों को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने लॉजिस्टिक पार्क और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर जैसी महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को इन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि इनके शुरू होने से परिवहन, भंडारण और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा झारखंड निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभरेगा. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राज्य के विकास में उद्योग, हस्तशिल्प और निवेश तीनों की महत्वपूर्ण भूमिका है. इसलिए सरकार का लक्ष्य है कि आधुनिक औद्योगिक विकास के साथ-साथ पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को भी आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जाए, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *