Giridih: साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बिराजपुर जंगल में छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं.

फर्जी एप के जरिए लोगों को बनाते थे ठगी का शिकार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुरपनिया निवासी सुरेंद्र कुमार मंडल (27) और देवघर जिले के घाघरा निवासी फारूक अंसारी (28) के रूप में हुई है. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि Today Delivery.apk, RTO M-Challan.apk, Customer Support.apk, IndusInd Bank E.apk और Hospital Appointment Booking.apk जैसे फर्जी एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर लोगों से साइबर ठगी करते थे.
ALSO READ : गिरिडीह: शहीद राजेश मंडल की 11वीं शहादत दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, बाबूलाल मरांडी ने दी श्रद्धांजलि
08 मोबाइल और 07 सिम कार्ड बरामद
विशेष छापेमारी दल ने मौके से 08 मोबाइल फोन और 07 सिम कार्ड जब्त किए हैं. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फर्जी बैंक खातों के माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन करते थे. मामले में साइबर थाना कांड संख्या 19/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
सतर्क रहने की अपील
छापेमारी अभियान का नेतृत्व साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश्वर भगत ने किया. टीम में इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम, एएसआई संजय मुखियार, एएसआई गजेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एप्लीकेशन या कॉल पर भरोसा न करें और साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना को सूचना दें.
ALSO READ : गिरिडीह: विश्व पर्यावरण सप्ताह पर ग्रामीणों ने लिया वृक्ष संरक्षण का संकल्प
