जामताड़ा के फतेहपुर लूटकांड में कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार और चांदी बरामद

Jamtara: फतेहपुर थाना क्षेत्र में हुए 22 लाख रुपये के चर्चित लूटकांड मामले में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस...

Jamtara: फतेहपुर थाना क्षेत्र में हुए 22 लाख रुपये के चर्चित लूटकांड मामले में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने मामले में संलिप्त एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई नाला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम द्वारा की गई. गिरफ्तारी की जानकारी जामताड़ा साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी गई. गिरफ्तार अपराधी की पहचान फिरोज अंसारी के रूप में हुई है, जो देवघर जिले के चित्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसीडाबर गांव का निवासी बताया गया है.

गुप्त सूचना के आधार पर जांच अभियान चला 

एसडीपीओ किशोर तिर्की ने बताया कि जामताड़ा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर बनगाड़ी के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान फतेहपुर की ओर से लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया. पुलिस बल को देखकर वह बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम फिरोज अंसारी बताया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा गोली तथा बाइक की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया करीब 100 ग्राम चांदी का आभूषण बरामद किया गया. पुलिस ने लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है.

फतेहपुर से दुमका जा रहा था 

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फतेहपुर से दुमका जा रहा था. वह चांदी के आभूषण का दर पता करने तथा सैंपल दिखाने के उद्देश्य से चांदी लेकर जा रहा था. बताया गया कि फतेहपुर थाना कांड संख्या 21/26 के तहत यह मामला दर्ज है. घटना 29 मार्च 2026 की रात करीब आठ बजे की है, जब फतेहपुर बाजार में मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी अमरजीत बर्मन का पीछा करते हुए हथियार के बल पर सोना-चांदी से भरा बैग लूट लिया था.

चार अपराधियों की संलिप्तता कही गयी है 

एसडीपीओ ने बताया कि इस लूटकांड में चार अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है. इनमें से एक आरोपी फिरोज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार फिरोज अंसारी एक शातिर अपराधी है. वह पूर्व में फतेहपुर पेट्रोल पंप लूटकांड में भी शामिल रह चुका है. उसके खिलाफ दुमका, देवघर और जामताड़ा जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, छिनतई, चोरी एवं जानलेवा हमले समेत कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं. प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस निरीक्षक बिहारी मरांडी, साइबर डीएसपी अमित रविदास तथा फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह टोप्पो मौजूद थे.

AlsoRead:गुमला: DC ने विकास कार्यों की समीक्षा की, लंबित कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *