Ranchi: झारखंड सरकार ने खरीफ सीजन के बीच खेती को रफ्तार देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए नई रणनीति तैयार की है. कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने विभागीय समीक्षा बैठक में साफ कहा कि किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी और योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होगी.
राज्य में तेजी से बढ़ रही है मक्के की खेती
समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य में मक्का की खेती तेजी से बढ़ रही है और अब तक 65 फीसदी से अधिक क्षेत्र में बुआई पूरी हो चुकी है. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन जिलों में मक्का बीज की मांग बढ़ रही है, वहां अतिरिक्त बीज तत्काल भेजे जाएं, ताकि एक भी किसान बीज के अभाव में खेती से वंचित न रहे.
झारखंड मिलेट मिशन की प्रगति पर हुई चर्चा
बैठक में झारखंड मिलेट मिशन की प्रगति भी चर्चा का प्रमुख विषय रही. अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 22,729 किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है. मंत्री ने निर्देश दिया कि पंजीकरण अभियान को और तेज किया जाए, जिससे अधिक से अधिक किसान इस योजना से जुड़ सकें.

उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने पर सरकार कर रही काम
उन्होंने यह भी कहा कि अब सरकार केवल उत्पादन बढ़ाने पर नहीं, बल्कि किसानों के उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने पर भी काम कर रही है. इसी उद्देश्य से रांची, जमशेदपुर और देवघर में आधुनिक मिलेट कैफे स्थापित किए जाएंगे. इन कैफे के माध्यम से मोटे अनाज से बने उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को अपनी उपज बेचने का नया मंच मिलेगा.
ALSO READ: रिम्स जमीन फर्जीवाड़ा मामला : बिल्डर शुभम साबू की जमानत याचिका खारिज, नहीं मिला बेल
