Hazaribagh: जिले के सुदूरवर्ती बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बरकनगांगो पंचायत के जतघघरा गांव में प्रभु यादव की संदिग्ध मृत्यु को लेकर पूरे इलाके में भारी आक्रोश और भय का माहौल है. ग्राम जतघघरा निवासी प्रभु यादव (पिता- स्वर्गीय गणेश यादव) 23 अप्रैल 2026 की रात करीब 7 बजे अपने घर से निकले थे, जिसके बाद वे देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद 24 अप्रैल 2026 की सुबह बाजार टांड़ छुतहरी कटिया के समीप स्थित बुढ़वा महादेव स्थान के पास उनका शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया था. प्रथम दृष्टया यह मामला किसी गहरी साजिश के तहत की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि घटना के पीछे 4 से 5 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद जुड़ा हुआ था.
व्हाट्सएप कॉल की जांच में बाधा
घटना के बाद परिजनों द्वारा स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान कॉल डंप और सीडीआर रिपोर्ट निकाली है, लेकिन कथित तौर पर व्हाट्सएप कॉल का विवरण उपलब्ध नहीं होने के कारण जांच की गति धीमी पड़ गई है. पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट ग्रामीणों और पीड़ित परिजनों की बड़ी संख्या सोमवार को बरकट्ठा स्थित पूर्व विधायक सह राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी प्रसाद यादव के आवास पहुंची और न्याय की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक ग्रामीणों के साथ सीधे बरकट्ठा थाना पहुंचे.

पूर्व विधायक ने पुलिस से की कड़ी कार्रवाई की मांग
बरकट्ठा थाना पहुंचकर पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव ने थाना प्रभारी से मामले को लेकर विस्तार से बातचीत की. उन्होंने कहा कि बरकट्ठा के शांत क्षेत्र में इस प्रकार की घटना ने लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि पारंपरिक जांच के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और साइबर जांच के माध्यम से मामले की तह तक पहुंचा जाए तथा घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाए.
दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
पूर्व विधायक ने कहा कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए, चाहे उसका प्रभाव या पहुंच कितनी भी हो. उन्होंने मुख्य आरोपियों और साजिशकर्ताओं की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रहना चाहिए. पूर्व विधायक के हस्तक्षेप और ग्रामीणों के बढ़ते दबाव के बाद अब बरकट्ठा पुलिस पर मामले के शीघ्र उद्भेदन और कार्रवाई की अपेक्षा बढ़ गई है.
