Chaibasa: आयुष विभाग, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा जिले के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया. शिविरों में कुल 389 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराई गईं. स्वास्थ्य शिविर तांतनगर के लोआहातु एवं सोलपारा, खूंटपानी के पुरुनिया एवं उपरलोटा, नोवामुंडी के भट्टीसाई, मंझारी के थाई, चक्रधरपुर के लक्ष्मीपोसी, बंदगांव के कराईकेला, सदर के आच्छु तथा गोईलकेरा के सावना टोला गांवों में आयोजित किए गए.
निःशुल्क दवाओं का किया गया वितरण
शिविर में आयुष चिकित्सकों डॉ. सादिका, डॉ. टिम्मा, डॉ. दीपक, डॉ. प्रदीप, डॉ. सुष्मिता, डॉ. अनीश, डॉ. मैनुद्दीन, डॉ. अनिरुद्ध, डॉ. आशिक एवं डॉ. धर्मराज ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श प्रदान किया. शिविर के दौरान मरीजों का रक्तचाप (BP) एवं मधुमेह (Sugar) परीक्षण किया गया. साथ ही सर्दी-खांसी, बुखार, शरीर दर्द, त्वचा रोग, गैस्ट्राइटिस, बवासीर सहित विभिन्न सामान्य एवं मौसमी बीमारियों के लिए निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया.
ग्रामीणों को दिया गया योग अपनाने का संदेश
चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित योग एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने का संदेश दिया. ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या या परामर्श के लिए अपने गांव की सहिया से संपर्क करने की जानकारी दी गई. साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता एवं योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया. ग्रामीणों ने आयुष विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, कि ऐसे शिविर दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: एनडीए पूरी तरह एकजुट, परिमल नाथवानी की जीत निश्चित ही नहीं, बल्कि पूरी तरह सुनिश्चित: भाजपा



