Newswave Desk: श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई सीरीज में अफगानिस्तान ए के खिलाफ मुकाबले के दौरान युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को किस्मत का भरपूर साथ मिला, लेकिन वह इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके. दो बार जीवनदान मिलने के बावजूद वैभव 38 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
इंडिया ए की पारी के दूसरे ओवर में वैभव सूर्यवंशी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए थे. मैदान पर मौजूद अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया, लेकिन मामला थर्ड अंपायर के पास पहुंचा. रिप्ले में देखा गया कि फील्डर के गेंद पर पूरा नियंत्रण स्थापित करने से पहले ही गेंद जमीन को छू गई थी. इसके बाद फैसला पलट दिया गया और वैभव को पहला जीवनदान मिल गया. उस समय उनका खाता भी नहीं खुला था.
अच्छी शुरुआत के बावजूद भी नहीं बना पाए रन
पहले जीवनदान के कुछ गेंद बाद ही वैभव को दूसरी बार भी किस्मत का साथ मिला. उन्होंने हवा में शॉट खेला, लेकिन अफगानिस्तान के फील्डर ने आसान कैच छोड़ दिया. इस तरह युवा बल्लेबाज एक बार फिर आउट होने से बच गए. दो-दो मौके मिलने के बाद वैभव ने अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की. उन्होंने कुछ शानदार शॉट लगाए और तेजी से रन बटोरे. हालांकि अच्छी शुरुआत के बावजूद वह अपनी पारी को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके.
वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों पर 38 रन बनाए
वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों पर 38 रन बनाए. उनकी पारी में 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. उन्होंने तेज बल्लेबाजी जरूर की, लेकिन अर्धशतक से चूक गए. युवा बल्लेबाज की यह पारी एक बार फिर उनके आक्रामक खेल की झलक दिखाती है. हालांकि टीम प्रबंधन को उम्मीद होगी कि आने वाले मुकाबलों में वह ऐसी अच्छी शुरुआत को बड़ी और मैच जिताऊ पारी में बदलेंगे.
ALSO READ: धरती का स्वर्ग है फूलों की घाटी, जहां खिलते हैं 500 से ज्यादा रंग-बिरंगे फूल



