Ranchi: पब्लिक स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर से 6 जुलाई 2026 को रांची के हरवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने की तैयारी की जा रही है. पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बताया कि कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है और बड़ी संख्या में विद्यार्थी इसमें हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण करा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सभी पात्र छात्र-छात्राएं जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि आयोजन समिति बेहतर व्यवस्था कर सके.
रजिस्ट्रेशन के लिए नहीं लगेगा कोई शुल्क
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिभा सम्मान समारोह और रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निःशुल्क है. किसी भी छात्र, अभिभावक या स्कूल को कोई शुल्क देने की जरूरत नहीं है. यदि कोई व्यक्ति कार्यक्रम के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पासवा को देने की अपील की गई है.
किन छात्रों को मिलेगा सम्मान?
10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान दिया जाएगा. CBSE, JAC और ICSE बोर्ड से 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा. आलोक कुमार दूबे ने कहा, कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि पासवा लगातार शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में काम कर रहा है और यह समारोह झारखंड के प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मान देने का एक बड़ा मंच बन चुका है.
ऐसे कराएं निःशुल्क रजिस्ट्रेशन
इच्छुक छात्र-छात्राएं अपने अंकपत्र की फोटो कॉपी या स्कैन कॉपी व्हाट्सएप नंबर 9431109538, 7903714760, 9431114487 और 8210351296 पर भेजकर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: लातेहार के गुरुजी का राज्यसभा तक का सफर: ब्लैकबोर्ड से शुरू हुआ बैजनाथ राम का विजय पथ



