Ranchi: नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार की सुबह RPF जवान का सिर कटा हुआ शव बरामद हुआ है. बताया जा रहा है कि आरपीएफ जवान की ट्रेन से कटकर मौत हो गई. मृतक की पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है. घटना सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है. जवान वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग हो गया है. शव के पास से उसका बैग भी बरामद हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन में हुई थी. घटना की सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में ले लिया, हालांकि, घटना के संबंध में पूछे जाने पर रेलवे पुलिस ने कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि ऑफिस में जाकर पता कर लीजिएगा रांची रेलवे स्टेशन.
मामले की जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था या आत्महत्या, रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है. जवान के परिजनों को सूचना दे दी गई है. पोस्टिंग के तीन दिन बाद ही हुई इस घटना से रेलवे महकमे में शोक की लहर है. घटना के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल पाएगा.
ALSO READ: पाकुड़: दुष्कर्म मामले में पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, आरोपी को किया गिरफ्तार



