Ranchi: झारखंड में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ जहां राज्य में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए वज्रपात और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और आंध्र प्रदेश तक बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से राज्य में अगले 6 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा इस समय रांची, जमूई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है. आगामी 23 जून के आसपास मानसून के झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं.
पिछले 24 घंटे का हाल: पलामू में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई, जबकि एक स्थान पर भारी बारिश भी रिकॉर्ड की गई. पलामू के लेस्लीगंज में सबसे ज्यादा 84.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. डाल्टनगंज में सबसे अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.लातेहार में सबसे कम 20.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं रांची में 31.6 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 34.0 डिग्री सेल्सियस, बोकारो थर्मल में 36.5 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 30.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ.
अगले 6 दिनों का पूर्वानुमान और चेतावनी
• तापमान में बढ़ोतरी: अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है, इसके बाद अगले 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.
• आंधी और वज्रपात का अलर्ट (20-21 जून): राज्य के पूर्वी और मध्य भागों में कहीं-कहीं गरज के साथ 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, शेष भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है.
• गर्म और उमस भरा मौसम: गढ़वा, पलामू और चतरा में अगले 24 घंटे मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा.
• 22 से 26 जून तक बारिश: 22 जून से पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और लगभग सभी जिलों में रुक-रुक कर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
राजधानी रांची में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मेघ गर्जन के साथ बारिश की पूरी संभावना है.
ALSO READ: चतरा: हंटरगंज के अम्बरातरी बिरहोर टोला में विकास नदारद, पानी, बिजली और शिक्षा के लिए तरस रहे लोग


