Godda: जिले के पोड़ैयाहाट में पंचायत मुखिया अनुपम कुमार भगत उर्फ लड्डू पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार, कारतूस और एक बोलेरो गाड़ी बरामद की गई है.
शनिवार को गोड्डा मुफस्सिल थाना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान डीएसपी (मुख्यालय) जेपीएन चौधरी ने इस पूरे मामले का खुलासा किया.
दिनदहाड़े हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि बीते 18 जून 2026 को पोड़ैयाहाट मुख्य बाजार के पंडित टोला कांबली बगीचा के समीप अपराधियों ने पोड़ैयाहाट पंचायत के मुखिया अनुपम कुमार भगत पर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग की थी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी और मुख्य बाजार बंद हो गया था.
मुखिया अनुपम कुमार के लिखित आवेदन पर पोड़ैयाहाट थाना में कांड संख्या 75/2026 दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई थी. पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर त्वरित छापेमारी करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. जिनमें अंकित यादव (निवासी: द्रोपद राजापुर), नयन कुमार यादव (निवासी: द्रोपद राजापुर) और अमरकांत गिरी उर्फ कारु (निवासी: तेतरिया टिकर) शामिल हैं.
गवाही से नाराज थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उन्होंने बताया कि मुखिया अनुपम कुमार वर्ष 2024 के चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के मुख्य गवाह हैं. गवाही देने से नाराज होकर इन अपराधियों ने मुखिया को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उन पर पिस्टल से फायरिंग की थी.


