Click Here
Click Here

चाईबासा: मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मी सम्मानित

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026...

चाईबासा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मी सम्मानित
चाईबासा में पदाधिकारी और कर्मियों का सम्मान

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत आयोजित मतदाता मैपिंग कार्य की समीक्षा बैठक संपन्न हुई. इस अवसर पर मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

93.70 प्रतिशत मतदाता मैपिंग कार्य हुआ पूरा

बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में संपादित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई. बताया गया कि जिले में कुल 10,84,238 पंजीकृत मतदाताओं में से 9,34,740 मतदाताओं का सफलतापूर्वक मैपिंग कार्य पूर्ण किया गया है, जो कुल मतदाताओं का 86.21 प्रतिशत है. साथ ही मतदाता मैपिंग के दौरान 81,164 मतदाता अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि (डुप्लीकेट) की श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं, जिससे जिले में मतदाता मैपिंग का कुल प्रतिशत 93.70 प्रतिशत है.

add1

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान

इस उपलब्धि को निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सराहना की तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 2 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 5 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा निर्वाचन कार्य में संलग्न 6 कंप्यूटर ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. साथ ही संपूर्ण मैपिंग प्रक्रिया का कुशल संचालन, समन्वय एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने हेतु उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

पुनः सत्यापन और शुद्ध मतदाता सूची पर जोर

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि (डुप्लीकेट) की श्रेणी में चिन्हित सभी मामलों का पुनः सत्यापन एवं मैपिंग सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनावश्यक रूप से विलोपित न हो तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में बने न रहें.

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाने की कार्रवाई की जाए. यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी अहर्ताधारी भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित हो.

ALSO READ: चक्रधरपुर के ऐतिहासिक स्थलों का होगा कायाकल्प, बिरसा मुंडा प्रतिमा स्थल और भगत सिंह चौक का होगा सौंदर्यीकरण

20 जून से बीएलओ और बीएलए का प्रशिक्षण शुरू

बैठक में बताया गया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के सफल संचालन हेतु 20 जून से निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर पर बूथ लेवल पदाधिकारियों (बीएलओ) एवं बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा और गणना प्रपत्र की छपाई होगी. इसके उपरांत 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक जिले के सभी बूथ लेवल पदाधिकारी अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर अनमैप्ड रहे मतदाताओं को गणना प्रपत्र का वितरण करेंगे तथा दो बार पुनः घर-घर जाकर इसे वापस प्राप्त करेंगे. इस दौरान नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता विवरण में संशोधन, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की पहचान तथा मतदाता सूची के व्यापक अद्यतन का कार्य संपादित किया जाएगा.

उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है तथा प्रत्येक पात्र नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित करना निर्वाचन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *