Chaibasa: नोवामुंडी प्रखंड के बेतेरकेया गांव निवासी बिजली विभाग के मिस्त्री रवि चांपिया की 11 हजार वोल्ट बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से हुई मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शव को लेकर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के चाईबासा कार्यालय पहुंचे और मुख्य गेट के सामने शव रखकर धरने पर बैठ गए. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
मरम्मत का कार्य कर रहे थे
ग्रामीणों का आरोप है कि रवि चांपिया रोज की तरह 11 हजार वोल्ट लाइन की मरम्मत का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे उन्हें करंट लग गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. उनका आरोप है कि विभाग की लापरवाही तथा पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ. धरने पर बैठे परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी सरकारी नौकरी तथा घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.



