Jamtara :12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (international yoga day) के अवसर पर रविवार को जामताड़ा जिले के सभी थाना परिसरों एवं पुलिस प्रतिष्ठानों में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जामताड़ा शंभू कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया. योग कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों एवं आम नागरिकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है. उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा में कार्यरत अधिकारियों और जवानों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान अनेक प्रकार के तनाव और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में योग मानसिक शांति, एकाग्रता और शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है.
योग से तनावमुक्त और सशक्त बनेगा समाज, पुलिस अधिकारियों का संदेश
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वयं को चुस्त-दुरुस्त रखने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बना सकता है. योग तनाव को दूर करने, कार्यक्षमता बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और इससे प्रेरणा लेने की अपील की. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी उत्साहपूर्वक योग दिवस मनाया गया. नारायणपुर थाना में थाना प्रभारी मुराद हसन के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास किया, जबकि करमाटांड़ थाना में थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे की अगुवाई में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसके अलावा जिले के अन्य सभी थाना परिसरों में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया. कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, तनावमुक्त कार्य वातावरण को बढ़ावा देना तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाना था. योग दिवस के अवसर पर जिलेभर के पुलिस प्रतिष्ठानों में उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला.
Also Read : चतरा में अपराधियों का तांडव: कुंदा में घर के बाहर खड़ी बोलेरो को आग के हवाले किया, इलाके में दहशत


