Ranchi:आज एक्सआईएसएस और टीआरआई की ओर से आयोजित ‘इंडिया रूरल कोलोक्वी 2026’ में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास तभी सफल होगा, जब योजनाएं गांव की वास्तविक जरूरतों और लोगों की भागीदारी को ध्यान में रखकर तैयार की जाएंगी.
आज भी ग्रामीण और शहरी विकास के बीच बड़ा अंतर
मंत्री ने कहा कि किसी भी विकास योजना की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास होता है. यदि लोगों को यह भरोसा होगा कि योजनाएं उनकी समस्याओं और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप बनाई गई हैं, तभी उनका प्रभाव जमीन पर दिखाई देगा. उन्होंने कहा कि आज भी ग्रामीण और शहरी विकास के बीच बड़ा अंतर है. शहरों में विकास योजनाबद्ध तरीके से होता है, जबकि गांवों में कई बार समग्र योजना के अभाव में विकास कार्य बिखरे हुए नजर आते हैं. इस अंतर को दूर करने के लिए दीर्घकालिक और समन्वित सोच की जरूरत है. शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ग्रामीण विकास केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है. इसमें विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. ऐसे संस्थानों को जमीनी स्तर पर अध्ययन कर व्यावहारिक और वैज्ञानिक सुझाव सरकार तक पहुंचाने चाहिए, ताकि नीतियां अधिक प्रभावी बन सकें. उन्होंने एक्सआईएसएस जैसे शैक्षणिक संस्थानों से सरकार और समाज के बीच ज्ञान-साझेदारी को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि शोध केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ सीधे नीति निर्माण और ग्रामीण समाज तक पहुंचना चाहिए.

AlsoRead:मानसून सत्र: विस्थापितों के लिए बने 400 आवासों का जल्द होगा आवंटन


