Koderma : बरसात में डोमचांच नगर पंचायत के सफाईकर्मियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने सराहनीय पहल की है. नगर अध्यक्ष ने अपने निजी खर्च से नगर पंचायत के सभी सफाईकर्मियों को रेनकोट उपलब्ध कराया. रेनकोट वितरण का उद्देश्य बारिश के दौरान सफाई कार्य में जुटे कर्मियों को भीगने से बचाना और उन्हें बीमारियों से सुरक्षित रखना है.
रेनकोट वितरण कार्यक्रम में नगर उपाध्यक्ष आदर्श कुमार पंकज, वार्ड पार्षद रंजीत साव, मुकेश कुमार, श्यामलाल यादव और पूर्व मुखिया सुरेश कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सफाईकर्मियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाना समाज और नगर प्रशासन की जिम्मेदारी है.

बारिश में भी नहीं रुकेगा सफाई अभियान
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष उमेश वर्मा ने कहा कि सफाईकर्मी नगर पंचायत की रीढ़ होते हैं. वे हर मौसम में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन बरसात के दिनों में उन्हें सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. लगातार बारिश में भीगकर काम करने से उनके बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए अपने निजी संसाधनों से सभी सफाईकर्मियों के लिए रेनकोट की व्यवस्था की गई है, ताकि वे सुरक्षित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें. उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सफाईकर्मियों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है. उनके कार्य के प्रति सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है. भविष्य में भी सफाईकर्मियों के हित में आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे.

बारिश में नहीं होगी परेशानी
रेनकोट मिलने पर सफाईकर्मियों ने नगर अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बारिश के मौसम में यह रेनकोट उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगा. इससे उन्हें सफाई कार्य के दौरान काफी राहत मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के अपनी सेवाएं दे सकेंगे. नगरवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे सफाईकर्मियों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया. उनका कहना था कि नगर की स्वच्छता बनाए रखने वाले कर्मियों की सुरक्षा का ध्यान रखना एक सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम है.
Also Read : 8000mAh बैटरी के साथ लॉन्च हुआ Redmi Note 17, जानें दमदार फीचर्स और कीमत

