Koderma: थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदडीह के लक्ष्मणडीह में शुक्रवार को धर्म परिवर्तन कराए जाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है. स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर छापेमारी की. इस दौरान धर्म परिवर्तन के खेल में शामिल कई महिलाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि ग्रामीणों को गुमराह कर इस कार्य को अंजाम देने वाला मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा.
दर्जनों की संख्या में महिलाओं को जुटाकर किया गया था विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को लक्ष्मणडीह निवासी महेंद्र राजवंशी के घर में दर्जनों की संख्या में महिलाओं को जुटाकर एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था. स्थानीय ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी और धर्म परिवर्तन का संदेह हुआ, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह को दी. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी के साथ अंचलाधिकारी केशव प्रसाद चौधरी पुलिस बल को लेकर तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस को देखते ही वहां हड़कंप मच गया. पुलिस ने मौके से दर्जनों महिलाओं को हिरासत में लिया और उन्हें पूछताछ के लिए सतगावां थाना लाया गया. तलाशी और जांच के दौरान उपस्थित सभी महिलाओं के पास से ईसाई धर्म से जुड़ी बाइबिल किताब बरामद की गई है. थाना में पूछताछ के दौरान धर्म परिवर्तन टीम में शामिल एक महिला ने स्वीकार किया, कि वे लोग पिछले 2 वर्षों से अधिक समय से इस संगठन से जुड़े हुए हैं. महिला ने बताया कि उन्हें जहां भी बुलाया जाता है, वे वहां प्रार्थना के लिए जाते हैं और वे लोग नियमित रूप से प्रार्थना करते हैं.

बहला फुसलाकर कराया जा रहा धर्म परिवर्तन
बताया जा रहा है कि सतगावां थाना क्षेत्र के गांगडीह, वैधडीह, लक्ष्मणडीह, सिहास, बिझबरिया, रामशाला और अन्य क्षेत्रों के दो मुख्य लोग ग्रामीणों को बहला फुसलाकर धर्म परिवर्तन करवाने का कार्य कर रहे हैं. प्रखंड के कई सुदूरवर्ती और ग्रामीण इलाकों में धर्म परिवर्तन का यह सिलसिला काफी समय से चोरी छिपे चल रहा है, जहां सीधे साधे ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर निशाना बनाया जा रहा है. फिलहाल पुलिस हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ कर मुख्य आरोपियों का पता लगाने में जुटी है.


