Giridih: मुहर्रम की 10वीं तारीख पर गिरिडीह के सिकदारडीह स्थित करबला में अकीदतमंदों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों ने करबला पहुंचकर इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए फातिहा पढ़ी और मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली तथा इंसानियत की सलामती के लिए दुआ की. पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, आस्था और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल देखने को मिली. इस अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू भी करबला पहुंचे और अकीदतमंदों के साथ इबादत में शामिल हुए. उन्होंने गिरिडीह जिले की सुख-समृद्धि, शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के लिए दुआ मांगी. मंत्री ने कहा कि मुहर्रम हमें त्याग, इंसाफ, सत्य और मानवता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है. समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है.
करबला में कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता हुए शामिल
करबला में गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, सिकदारडीह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि महताब मिर्जा सहित कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपनी हाजिरी दी।. सभी ने इमाम हुसैन की कुर्बानी को मानवता के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की. मुहर्रम के अवसर पर करबला परिसर और आसपास के इलाके में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरे आयोजन के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल कायम रहा. लोगों ने एक-दूसरे को मुहर्रम की अहमियत बताते हुए इमाम हुसैन की शहादत से मिलने वाले संदेश,सत्य, न्याय, त्याग और इंसानियत को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया.

यह भी पढ़ें: बोकारो: उपरघाट के बरई गांव में डेढ़ सौ वर्षों से मुहर्रम मना रहा है हिंदू परिवार


