Koderma: जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के ग्राम केतरुसिंघ में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में आक्रोश और मातम का माहौल है. मृतक की पहचान रंजीत यादव के पुत्र ऋषभ यादव उम्र डेढ़ वर्ष के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार ऋषभ घर के पास खेल रहा था. इसी दौरान गांव के ही भाजपा युवा नेता अर्जुन यादव अपनी चार पहिया वाहन नेक्सॉन JH-04-EX-4244 को घर से पीछे कर रहे थे. पीछे करते समय ऋषभ वाहन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद अर्जुन यादव बच्चे को लेकर कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस मामले की कर रही है जांच
सूचना पर मरकच्चो थाना के एसआई गोविंद सिंह और एएसआई प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों के आक्रोश के कारण पहले शव को ले जाने में दिक्कत हुई, लेकिन बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वाहन को भी जब्त कर लिया गया है .मृतक की नानी ने बताया कि उन्होंने अर्जुन को आवाज दी थी, लेकिन शीशा बंद होने के कारण वे सुन नहीं सके. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ALSO READ : सरायकेला: रोजगार मेला में 19 कंपनियों ने की भर्ती, 223 अभ्यर्थी हुए शॉर्टलिस्ट
