Koderma: दिनांक 30.06.2026 को सहायक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, प्रधान आरक्षी अरुण कुमार राम, आरक्षी जितेन्द्र कुमार एवं आरक्षी राम बाबू यादव सहित आरपीएफ पोस्ट कोडरमा की टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02/03 पर प्रतिबंधित सामानों की जांच कर रही थी. इसी दौरान प्लेटफॉर्म स्थित एफओबी के पास एक युवक काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया.
पूछताछ में युवक ने अपना नाम गौतम कुमार (24 वर्ष), पिता कारू प्रसाद, निवासी भगवानपुर, नरहर विगहा, थाना नालंदा, जिला नालंदा (बिहार) बताया. बैग की तलाशी लेने पर उसमें 02 बोतल Royal Stag Deluxe Whisky (750 मिली), 02 बोतल Bacardi Lemon Whisky (750 मिली), 04 बोतल Royal Stag Deluxe Whisky (375 मिली) तथा 12 कैन King Fisher Strong Premium Beer (500 मिली) बरामद हुई.

बिहार ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की
पूछताछ के दौरान युवक ने बताया कि वह बेरोजगार है और शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचता है, जिससे उसकी आमदनी होती है. वह शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया.
उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला
इसके बाद सहायक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने मौके पर उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में सभी अंग्रेजी शराब को जब्त कर जप्ती सूची तैयार की तथा आरोपी को गिरफ्तार कर रेसुब पोस्ट कोडरमा लाया गया. जब्त अंग्रेजी शराब की कुल मात्रा 10,500 मिलीलीटर तथा कुल अनुमानित कीमत 7,380 रुपये आंकी गई है. जब्त शराब एवं गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, कोडरमा को सुपुर्द किया जाएगा.


