Ranchi: हूल दिवस के अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने मंगलवार को रांची के मोराबादी स्थित सिदो-कान्हू पार्क पहुंचकर हूल क्रांति के महानायक सिदो-कान्हू की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सुदेश महतो ने कहा कि हूल विद्रोह केवल एक आंदोलन नहीं था, बल्कि जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान की रक्षा के लिए शुरू हुई ऐसी ऐतिहासिक लड़ाई थी, जिसने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम समेत पूरे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी. उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू सहित हूल क्रांति के सभी अमर शहीदों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देता रहेगा.

झारखंड की धरती वीर शहीदों की तपोभूमि
उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती वीर शहीदों की तपोभूमि रही है और उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में न्याय, समानता और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है. इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव इम्तियाज अहमद नज़मी, हरीश कुमार, सिद्धार्थ शंकर राय, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सदस्य प्रभा महतो, रांची जिला बुद्धिजीवी मंच के जिलाध्यक्ष शहजाद आलम, रांची जिलाध्यक्ष संजय महतो, कार्यकारी अध्यक्ष हाकिम अंसारी, आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, युवा आजसू महानगर अध्यक्ष अमित यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


