Ranchi: राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब फैक्ट्री पर छापेमारी की है. सूचना के आधार पर टीम ने देर रात तरंगनी बॉटलर्स के ठिकाने पर छापा मारा, जो कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित हो रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है.
करीब 400 कार्टून शराब जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है. कार्रवाई के दौरान मौके से उत्तर प्रदेश राज्य का होलोग्राम भी मिला है. बताया जा रहा है कि इस यूनिट के संचालन के लिए किसी प्रकार का वैध लाइसेंस नहीं था. पुलिस ने इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

बिहार और झारखंड में सप्लाई का शक
जानकारी के अनुसार, इस यूनिट में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का निर्माण और पैकेजिंग की जा रही थी. इसे झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्य बिहार में भी सप्लाई किए जाने की आशंका है. बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां ऊंचे दामों पर इसकी तस्करी की योजना बताई जा रही है. पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मामले में शामिल शराब माफियाओं की पहचान और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.
ALSO READ: गुमला: कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


