Jamtara : जिले के नाला प्रखंड के भंडारबेड़ा उच्च विद्यालय में बुधवार को चारदीवारी एवं अतिरिक्त वर्ग-कक्ष निर्माण कार्य का शिलान्यास झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने किया. यह निर्माण कार्य CSR इंडिया लिमिटेड एवं NBCC के सहयोग से कराया जाएगा. परियोजना के पूरा होने से विद्यालय का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा. कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं स्कूल परिवार ने विधानसभा अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी.
सैकड़ों विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
अपने संबोधन में रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि चारदीवारी बनने से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, जबकि अतिरिक्त वर्ग-कक्ष बनने से छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मिलन कुमार घोष, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. विद्यालय में शुरू हुए इस विकास कार्य से क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

Also Read : कोडरमा: सांप काटने से छात्र गंभीर रूप से घायल


