Palamu: मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा स्थित काली मंदिर के समीप गुरुवार शाम एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई. स्थानीय नागरिकों द्वारा 112 डायल पर सूचना दिए जाने के बाद शहर थाना की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई.
शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने तत्परता दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) भेजा, जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया.
सिगसिगी का रहने वाला था युवक
पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयासों से मृतक की पहचान कर ली गई है. मृतक की पहचान रंजन माली (पिता- गलू माली) के रूप में हुई है, जो रेहला के सिगसिगी का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि रंजन किसी काम के सिलसिले में मेदिनीनगर शहर आया हुआ था, इसी दौरान यह दुखद घटना घटित हुई. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल पहुंच रहे हैं.

ALSO READ: रांची के सहायक आचार्यों को राहत, एक सप्ताह में खुलेगी सेवा पुस्तिका; DSE बादल राज ने दिया भरोसा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच में जुटी पुलिस
युवक की मौत कैसे हुई, इसका सटीक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक को देखकर कयास लगाए जा रहे थे कि वह नशे का आदी था. हालांकि, पुलिस ने इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. थाना प्रभारी ज्योति रजवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस बिना किसी जल्दबाजी के सभी पहलुओं और बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है. मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा. फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ और मामले के अन्य कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है.


