Ranchi : राजधानी के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है. जहां परिजनों के विरोध के बाद प्रेमी जोड़ा सीधे थाने पहुंच गया. युवती और युवक दोनों शादी करना चाहते है लेकिन लड़की के परिवार वाले नहीं मान रहे हैं. जिसके बाद दोनों पक्षों के लोगों को थाना बुलाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानेदार और हटिया डीएसपी मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं. बताया जाता है कि युवक और युवती लंबे समय से एक-दूसरे से प्यार करते हैं और शादी करना चाहते हैं. जब दोनों ने अपने-अपने परिवार के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा, तो लड़की के माता-पिता ने सामाजिक और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए साफ इनकार कर दिया. परिजनों के विरोध को देखते हुए प्रेमी जोड़ा कानूनी सुरक्षा और मदद के लिए जगरनाथपुर थाना पहुंच गया.
पुलिस कर रही काउंसिलिंग
युवक-युवती दोनों बालिग है. जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया. पुलिस अधिकारी अब दोनों परिवारों के साथ बैठकर काउंसिलिंग कर रही है. जिससे आपसी सहमति से मामले को सुलझाया जा सके. पुलिस ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों बालिग हैं और साथ रहने की जिद पर अड़े हैं, इसलिए टकराव टालने के लिए बीच का रास्ता निकाला जा रहा है.



