Ranchi: राजधानी के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर परिसर को जल्द ही नया और भव्य स्वरूप मिलेगा. रांची नगर निगम ने मंदिर परिसर और उससे सटे तालाब के समग्र विकास के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रस्तावित योजना पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
इस योजना के तहत मंदिर परिसर को धार्मिक पर्यटन के लिहाज से अधिक आकर्षक और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाया जाएगा:

- मंदिर के आसपास आधुनिक लाइटिंग,
- बैठने की बेहतर व्यवस्था,
- आकर्षक लैंडस्केपिंग,
- हरियाली बढ़ाने के लिए पेड़-पौधे, पाथवे, सौंदर्यीकरण और अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी,
- ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके.
नगर निगम का उद्देश्य है धार्मिक स्थल को विकसित करना
बताते चलें, योजना में मंदिर के समीप स्थित तालाब का भी व्यापक जीर्णोद्धार किया जाएगा. तालाब की सफाई और गहरीकरण के साथ-साथ उसके आसपास का क्षेत्र भी विकसित होगा. घाटों को व्यवस्थित किया जाएगा, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था लगाई जाएगी और बैठने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ लोगों के लिए एक सुंदर पर्यटन एवं भ्रमण स्थल के रूप में भी विकसित हो सके.
नगर निगम का उद्देश्य जगन्नाथ मंदिर परिसर को एक आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित धार्मिक स्थल के रूप में विकसित करना है. सौंदर्यीकरण के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और रांची की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान को भी नई मजबूती मिलेगी.


