Giridih: गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत खरखरी पंचायत के खुट्टांड गांव में शुक्रवार को लंबे समय से चल रहे जमीन और रास्ता विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई खूनी झड़प में दोनों ओर से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को पहले बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, दीपक साव और नागेश्वर साव के बीच पिछले लगभग एक वर्ष से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. मामले के समाधान के लिए दोनों पक्ष लगातार अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे. बताया जाता है कि अंचल अधिकारी (CO) द्वारा कई बार कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी.
रास्ता बंद करने के विवाद में भड़की मारपीट, दो की हालत गंभीर
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह नागेश्वर साव और उनके परिवार के सदस्य विवादित रास्ते पर दीवार बनाकर रास्ता बंद कर रहे थे. इसका मोहन साव, वीरेंद्र साव और अन्य लोगों ने विरोध किया. इसी दौरान कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि वीरेंद्र साव ने नागेश्वर साव के हाथ से कुदाल छीन ली, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे तथा अन्य सामान से हमला करने लगे. इस हिंसक झड़प में एक पक्ष से नागेश्वर साव, पप्पू साव, रंजीत साव, जितेंद्र साव और सरयू साव सहित कई लोग घायल हुए. वहीं दूसरे पक्ष से मोहन साव, वीरेंद्र साव, संजय साव, बिनोद साव, पिंटू साव और बंधन साव घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल नागेश्वर साव और मोहन साव की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.

ALSO READ: गिरिडीह: बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी और जेवरात समेत 15 लाख से ज्यादा की चोरी
घायल जितेंद्र साव ने आरोप लगाया कि घटना स्थल के समीप अजय साव का बिजली सामान का गोदाम है. उनके अनुसार, दूसरे पक्ष के लोगों ने गोदाम से बिजली के पाइप और अन्य लोहे के सामान निकालकर उन पर हमला किया, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमला पहले से सुनियोजित था. घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी लालचंद महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव में पुलिस कैंप लगाया गया और दोनों पक्षों को शांत कराया गया. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी लालचंद महतो ने बताया कि दोनों पक्षों से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है.


