Click Here
Click Here
Click Here

कोडरमा: ‘शिक्षा व शैक्षणिक संस्थान बचाओ’ की लड़ाई तेज, जे.जे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति ने किया आंदोलन का ऐलान

Koderma: जिले के तमाम शैक्षणिक संस्थानों को बचाने, “शिक्षा बचाओ, कोडरमा बचाओ, छात्रों-नौजवानों का भविष्य बचाओ”, छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा...

Koderma
जे.जे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति

Koderma: जिले के तमाम शैक्षणिक संस्थानों को बचाने, “शिक्षा बचाओ, कोडरमा बचाओ, छात्रों-नौजवानों का भविष्य बचाओ”, छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग से कोडरमा के कॉलेजों को हटाकर सर जेसी बोस विश्वविद्यालय गिरिडीह से संबद्ध करने के फैसले के खिलाफ अब आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया गया है. इसी को लेकर जे.जे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति, कोडरमा की कोर कमिटी की विस्तारित बैठक रविवार को राधा कृष्ण मिशन स्कूल, पांडेडीह, कोडरमा में आयोजित हुई. बैठक संरक्षक सदस्य राम रतन अवध्या की उपस्थिति में समिति अध्यक्ष महेश भारती की अध्यक्षता तथा सचिव देवेंद्र कुमार के संचालन में संपन्न हुई.

कॉलेजों को सर जेसी बोस विश्वविद्यालय से जोड़ना छात्रों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा

बैठक में वक्ताओं ने कहा, कि कोडरमा की शिक्षा व्यवस्था के साथ लगातार अन्याय हो रहा है. जिले के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. कॉलेजों की दुर्दशा, शैक्षणिक संसाधनों की कमी, छात्राओं की सुरक्षा के सवाल और विश्वविद्यालयीय संबद्धता के नाम पर कोडरमा के छात्रों पर अतिरिक्त बोझ डालना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा. समिति ने स्पष्ट कहा, कि हजारीबाग की दूरी लगभग 55 किलोमीटर और गिरिडीह की दूरी लगभग 130 किलोमीटर होने के बावजूद कोडरमा के कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग से हटाकर सर जेसी बोस विश्वविद्यालय गिरिडीह से जोड़ना छात्रों, अभिभावकों और गरीब परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक, मानसिक और समयगत बोझ डालने जैसा है. यह निर्णय न केवल अव्यावहारिक है, बल्कि कोडरमा के छात्र-हितों के खिलाफ भी है. समिति ने मांग की, कि इस फैसले पर तत्काल पुनर्विचार कर छात्रों के हित में ठोस निर्णय लिया जाए.

जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाने का लिया गया निर्णय 

बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. समिति ने तय किया कि जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा तथा गांव-गांव, टोला-मोहल्लों, बाजारों और शैक्षणिक परिसरों में पर्चा वितरण कर शिक्षा बचाओ आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. साथ ही 16 जुलाई को “हमें समस्या नहीं, समाधान चाहिए” विषय पर जे.जे कॉलेज प्रांगण में सर्वदलीय आम बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों, छात्र-युवा प्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और आम जनता को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि शिक्षा के सवाल पर व्यापक जनमत तैयार हो सके. इसके अलावा 19 जुलाई को झुमरी तिलैया झंडा चौक के पास हस्ताक्षर अभियान सह जनसभा आयोजित की जाएगी, जहां जिले की जनता से सीधे संवाद कर शिक्षा, छात्र सुरक्षा और विश्वविद्यालयीय समस्याओं के मुद्दे पर जनसमर्थन जुटाया जाएगा.

28 जुलाई को कोर कमिटी की अगली बैठक आयोजित

समिति ने यह भी निर्णय लिया कि आंदोलन की अगली रणनीति तय करने के लिए 28 जुलाई को कोर कमिटी की अगली बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में यह भी कहा गया, कि यह लड़ाई किसी एक कॉलेज, एक संगठन या एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे कोडरमा जिले के शैक्षणिक भविष्य की लड़ाई है. यदि आज कोडरमा की जनता नहीं जागी, तो आने वाली पीढ़ियां इस उपेक्षा और अन्याय की भारी कीमत चुकाने को मजबूर होंगी, इसलिए अब वक्त आ गया है कि छात्र-छात्राएं, अभिभावक, नौजवान, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक एकजुट होकर आवाज बुलंद करें.

सर्वदलीय आम बैठक और हस्ताक्षर अभियान सह जनसभा में लोगों से शामिल होने की अपील  

वहीं समिति अध्यक्ष महेश भारती ने कहा, कि “शिक्षा के सवाल पर अब कोडरमा चुप नहीं बैठेगा. छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़, छात्राओं की सुरक्षा की अनदेखी और शैक्षणिक संस्थानों की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. हम मांग करते हैं कि कोडरमा जिले की शैक्षणिक समस्याओं का अविलंब समाधान किया जाए. हमें समस्या नहीं, समाधान चाहिए. यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते सकारात्मक पहल नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक, मजबूत और निर्णायक बनाया जाएगा.” समिति ने जिलेवासियों से अपील की, कि वे 16 जुलाई की सर्वदलीय आम बैठक और 19 जुलाई के हस्ताक्षर अभियान सह जनसभा में बड़ी संख्या में शामिल होकर शिक्षा बचाओ आंदोलन को मजबूती दें. समिति ने कहा कि “कोडरमा में शिक्षण संस्थान बचेगा तो ही शिक्षा बचेगी तब ही बच्चों और नौजवानों का भविष्य बचेगा. बैठक में संरक्षक सदस्य राम रतन अवध्या,अध्यक्ष महेश भारती,सचिव देवेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष तौफीक हुसैन, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कराटे,नीरज सिंह, सुरेन्द्र भाई मोदी ने भाग लिया.

यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर: दुबिल माइंस में 10 दिन से जारी आंदोलन पर सांसद जोबा मांझी की एंट्री, त्रिपक्षीय वार्ता का मिला आश्वासन

add1

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *