Hazaribagh: चरही बाजार टांड़ में लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक को पत्र लिखकर शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की है. सांसद ने कहा कि समस्या के कारण स्थानीय लोगों, व्यवसायियों और राहगीरों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
जगदम्बा कॉम्प्लेक्स के सामने हर बारिश में बनती है परेशानी
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि चरही प्रखंड के चरही बाजार टांड़ स्थित जगदम्बा कॉम्प्लेक्स, जहां बैंक ऑफ महाराष्ट्र एवं एक्सिस बैंक स्थित हैं, उसके सामने सर्विस रोड के किनारे लगातार जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है. बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से पैदल चलने वाले लोगों, वाहन चालकों तथा आसपास के दुकानदारों को काफी दिक्कत होती है.

पहले भी उठ चुका है मुद्दा, नहीं हुआ स्थायी समाधान
सांसद ने पत्र में यह भी कहा कि इस समस्या से संबंधित शिकायतें पूर्व में भी कई बार एनएचएआई को लिखित रूप से भेजी जा चुकी हैं. इसके बावजूद अब तक जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है. उन्होंने एनएचएआई से जनहित को देखते हुए जल्द से जल्द पक्की नाली का निर्माण कर जल निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है.
जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय हैं सांसद
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर वे संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय कर समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास करते रहेंगे, ताकि लोगों को राहत मिल सके.
AlsoRead:करोड़ों की उत्तर कोयल परियोजना पर संकट! निर्माण के एक महीने में पुल में दरार का दावा


