Palamu: DC दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभाग की प्रमुख योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, धुमकुड़िया भवन निर्माण, सरना/मसना/जाहेर एवं हड़गड़ी स्थल घेराबंदी, कब्रिस्तान घेराबंदी, छात्रावासों के रख-रखाव, धार्मिक स्थल निर्माण सहित विभाग की अन्य योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गयी.
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश
उपायुक्त श्री शेखावत ने सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें. बैठक में लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने, विभिन्न योजनाओं से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने पर भी विशेष जोर दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक लाभ पहुंचाना है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

AlsoRead:पलामू: 3 साल से फरार डेढ़ लाख लूटकांड का मुख्य आरोपी कुंदन पासवान गिरफ्तार, ससुराल से दबोचा गया


