Bokaro : कुश्ती संघ के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि जिला के 6 खिलाड़ी और1 कोच का चयन अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिये हुआ है. प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 12 जुलाई तक रोहतक (हरियाणा) में आयोजित होगा. उल्लेखनीय है कि इन खिलाड़ियों का चयन 7 और 8 जून को बोकारो सेक्टर-2 स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित अंडर-23 झारखंड राज्य कुश्ती प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर किया गया. इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन बोकारो जिला कुश्ती संघ और झारखंड राज्य कुश्ती संघ की ओर से किया गया था. राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बोकारो के 4 पुरुष और 2 महिला खिलाड़ी झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे. वहीं, राजू कुमार को झारखंड कुश्ती संघ की ओर से फ्री स्टाइल कुश्ती टीम के कोच के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.
अलग – अलग वर्ग में हुआ खिलाड़ियों का चयन
पुरुष वर्ग (फ्री स्टाइल) में शिवम कुमार 65 किग्रा, नीमचंद महतो 125 किग्रा. ग्रीको-रोमन वर्ग में अभिषेक कुमार सिंह 60 किग्रा, सोनू कुमार महतो 130 किग्रा. महिला वर्ग में सिमरन कुमारी 55 किग्रा और कुमकुम कुमारी 62 किग्रा का चयन किया गया है. सभी चयनित खिलाड़ी एवं कोच 8 जुलाई को रोहतक (हरियाणा) के लिए रवाना होंगे. इस अवसर पर बोकारो जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह और राष्ट्रीय कुश्ती कोच मृत्युंजय नाथ चौधरी ने सभी चयनित खिलाड़ियों एवं कोच राजू कुमार को बधाई दी. साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड और बोकारो जिले का नाम गौरवान्वित करने की कामना की.



