Chatra: जिले के प्रतापपुर प्रखंड निवासी संजीत कुमार को दुमका प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (RDD) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इस संबंध में झारखंड सरकार के अवर सचिव अरशद जमाल ने पत्रांक-1451, दिनांक 6 जुलाई 2026 के तहत आदेश जारी किया है. यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी.
कुछ दिन पहले ही शिक्षा विभाग ने संजीत कुमार की पदस्थापना दुमका के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) के रूप में की थी. अब उन्हें जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ-साथ दुमका प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (RDD) का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है.

रामगढ़ में निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
संजीत कुमार इससे पहले मुख्यमंत्री के गृह जिला रामगढ़ में लगातार चार वर्षों तक जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. इस दौरान उन्होंने जिला एनडीसी (NDC) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला. उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्रतापपुर में खुशी का माहौल
संजीत कुमार चतरा जिले के प्रतापपुर प्रखंड के निवासी हैं. उनकी इस नियुक्ति पर प्रतापपुर सहित पूरे चतरा जिले में जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व और अनुभव का लाभ दुमका प्रमंडल की शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा.
ALSO READ: बांकीपुर उपचुनाव: PK का मास्टरस्ट्रोक, क्या ढहेगा बीजेपी का अभेद्य किला?


