Ranchi : झारखंड के पूर्व मंत्री एवं तमाड़ विधानसभा के पूर्व विधायक शहीद रमेश सिंह मुंडा की पुण्यतिथि पर बुधवार को बुंडू सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. उनके सुपुत्र एवं तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने बुंडू स्थित विधायक आवास, SS हाई स्कूल तथा तैमारा में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, समर्थकों एवं क्षेत्रवासियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को नमन किया.
क्षेत्र की जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि शहीद रमेश सिंह मुंडा का संपूर्ण जीवन जनसेवा, संघर्ष और गरीबों के उत्थान के लिए समर्पित रहा. उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा किसानों, मजदूरों, आदिवासियों और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी तथा जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कहा कि शहीद रमेश सिंह मुंडा ने कठिन संघर्ष के बल पर राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी. पंचपरगना क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर उनकी स्पष्ट सोच थी. उनका सपना था कि पंचपरगना क्षेत्र को समुचित प्रशासनिक पहचान मिले और बुंडू को जिला बनाया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सके.

विकास कुमार मुंडा ने कहा
विकास कुमार मुंडा ने कहा कि आज उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का संकल्प लें. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने और शहीद रमेश सिंह मुंडा के आदर्शों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे.
Also Read : झारखंड में औसत से 37 फीसदी कम हुई वर्षा, चतरा और गढ़वा में सबसे कम बारिश


